बलिया : मनियर में तेज आवाज में डीजे बजाने पर दो गिरफ्तार, साउंड सिस्टम जब्त
मनियर,बलिया। सार्वजनिक स्थान पर तय मानक से अधिक ध्वनि प्रदूषण फैलाने के आरोप में मनियर थाना पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से डीजे व साउंड सिस्टम बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र व थानाध्यक्ष मनियर कौशल कुमार पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
परीक्षा के दौरान तेज आवाज में बज रहा था डीजे
मनियर पुलिस के अनुसार 26 फरवरी 2026 को उपनिरीक्षक संजय कुमार यादव मय हमराह क्षेत्र में भ्रमणशील थे। इस दौरान मनियर इंटर कॉलेज के पास आरके डीजे उर्फ राजू खान द्वारा बड़े-बड़े साउंड बॉक्स लगाकर अत्यधिक तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था।तेज ध्वनि के कारण आमजन, परीक्षा दे रहे छात्रों, हृदय रोगियों एवं वृद्धजनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। साथ ही माननीय उच्च न्यायालय द्वारा जारी ध्वनि नियंत्रण संबंधी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन भी पाया गया।
मौके पर डीजे संचालक से अनुमति पत्र मांगा गया, जिसे वह प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके आधार पर थाना मनियर में मु0अ0सं0 29/2026 धारा 292 बीएनएस, धारा 15 पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 एवं धारा 4/6 ध्वनि प्रदूषण (नियमन एवं नियंत्रण) नियम 2000 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया है।मनियर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर ध्वनि प्रदूषण से संबंधित नियमों का पालन करें, अन्यथा कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार अभियुक्त
- अरबाज खान पुत्र स्व. अनवर खान निवासी चन्दूपाकड़, थाना मनियर, जनपद बलिया
- किशन राजभर पुत्र परमात्मा राजभर निवासी वार्ड नं-4, ग्राम सरवार ककरघट्टी, थाना मनियर, बलिया
बरामदगी
पुलिस ने मौके से पिकअप वाहन (UP60AT 0299) सहित 5 डीजे साउंड, 4 हाईस, 4 पार लाइट, 2 लुंगी लाइट, एम्पलीफायर, मिक्सर, जनरेटर सहित अन्य उपकरण जब्त किए हैं।
पुलिस टीम
कार्रवाई में मनियर थाने के तेजतर्रार उ0नि0 संजय कुमार यादव, हे0का0 शिवशंकर यादव एवं का0 आलोक कुमार शामिल रहे।
