बलिया : पूर्व वायु सैनिक के खाते से 6 लाख 40 हजार की धोखाधड़ी,नाबालिक पोते पर लगा आरोप
बांसडीह,बलिया। सेवानिवृत वायु सेना के अधिकारी के बैंक खाते से कई लोगों के खाते में यूपीआई के माध्यम से डिजिटल भुगतान कर 6 लाख चालीस हजार रुपए ठगी करने का मामला प्रकाश में आया है। मामले में पूर्व वायु सेना के अधिकारी ने अपने भतीजे के पुत्र के खिलाफ नामजद मुकदमा पंजीकृत कराया है। मामले में पूर्व सैनिक के तहरीर के आधार पर पुलिस ने धोखाधड़ी सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर मामले की जांच कर रही है।
कस्बे के वार्ड नंबर 13 निवासी 85 वर्षीय वृद्ध पूर्व वायु सेना के अधिकारी उमाशंकर सिंह ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया है कि मैं 82 वर्षीय पत्नी के साथ अपने निजी मकान में रहता हूँ। मेरे साथ मकान में कोई अन्य नहीं रहता है।मेरा एक मात्र पुत्र है जो भिलाई स्टील प्लांट में कार्यरत है,वह अपने परिवार के साथ वही रहता हैं। वृद्धावस्था की वजह से मुझे बैंक पोस्ट ऑफिस के कार्यों में काफी परेशानी होती है,मेरे भतीजे शैलेश सिंह का 16 वर्षीय पुत्र मेरे बैंक आदि के कार्यों में मदद करता था वह मदद करने के साथ-साथ मेरे मोबाइल से भी खेलता रहता था। मुझे मोबाइल फंक्शन के बारे में ज्यादा ज्ञान नहीं है। मैं सिर्फ चेक और एटीएम का हीं इस्तेमाल करता हूं। इसी नजदीकी का फायदा उठाकर भतीजे का पुत्र मेरे मोबाइल में गूगल पे, भीम,पेटीएम आदि इंस्टॉल कर बिना मेरी जानकारी के बिना 30 सितंबर 2025 से 30 जनवरी 2026 के बीच मेरे अकाउंट से करीब 6,40,000 रुपए धोखाघड़ी कर अपने और अपने दोस्तों के खाते में ट्रांसफर कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि सेवानिवृत वृद्ध के साथ हुए धोखाधड़ी के मामले में नाबालिक आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है।
