बलिया : DIG ने पुलिस लाइन बलिया में ली परेड की सलामी, नवनिर्मित पीटी गोदाम का किया उद्घाटन
बलिया। शुक्रवार को सुबह पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन बलिया में साप्ताहिक परेड की सलामी ली तथा परेड का निरीक्षण किया गया।
परेड के दौरान अधिकारियों एवं जवानों की शारीरिक व मानसिक फिटनेस को प्राथमिकता देते हुए समस्त रिक्रूट आरक्षियों, कर्मचारियों एवं अधिकारियों से दौड़ लगवाई साथ ही अनुशासन और एकरूपता बनाए रखने के उद्देश्य से टोलीवार ड्रिल कराने के साथ आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर डीआईजी ने यूपी डायल 112 पीआरवी में उपलब्ध दंगा नियंत्रण उपकरणों, फर्स्ट एड किट एवं अन्य आवश्यक संसाधनों का निरीक्षण किया। उन्होंने उपकरणों की नियमित साफ-सफाई, समुचित रखरखाव और आपात स्थिति में कुशल संचालन के संबंध में आवश्यक निर्देश प्रदान किए। जवानों को दंगा नियंत्रण उपकरणों के साथ अभ्यास भी कराया गया, ताकि किसी भी आपात परिस्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
निरीक्षण के क्रम में पुलिस लाइन परिसर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की गई। तत्पश्चात डीआईजी महोदय द्वारा नवनिर्मित पीटी गोदाम का विधिवत उद्घाटन किया गया।
परेड के दौरान ओमवीर सिंह, पुलिस अधीक्षक बलिया, कृपा शंकर, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी), दिनेश कुमार शुक्ल, अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) सहित समस्त क्षेत्राधिकारी व अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।



