बलिया : बांसडीह में दर्दनाक हादसा, ट्रैक्टर से दबकर हुई मासूम की मौत
बांसडीह (बलिया)। कोतवाली क्षेत्र के सारंगपुर गांव में गुरुवार की शाम हृदयविदरक घटना में ट्रैक्टर से कुचलकर एक मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। छह वर्षीय मासूम अपने चाचा के साथ ट्रैक्टर पर बैठकर खेत जा रहा था कि अचानक ट्रैक्टर से गिर गया और ट्रैक्टर के नीचे दबने से मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव में मातम पसर गया है।
सारंगपुर निवासी विजय यादव का पुत्र अंजनी (6 वर्ष) अपने चाचा सुनील यादव के साथ ट्रैक्टर पर बैठकर खेतों की तरफ जा रहा था। जैसे ही ट्रैक्टर सारंगपुर पुलिया के पास पहुंचा, चालक ने ट्रैक्टर को मोड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान मासूम अंजनी असंतुलित होकर अचानक नीचे गिर पड़ा।बच्चे को नीचे गिरता देख चालक सुनील बदहवास हो गया और वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया और ट्रैक्टर वहीं पलट गया। दुर्भाग्यवश, बच्चा नीचे की सीमेंटेड सड़क और भारी भरकम ट्रैक्टर के बीच बुरी तरह दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े, लेकिन तब तक मासूम की सांसें थम चुकी थीं। सूचना मिलते ही घर की महिलाएं और अन्य परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को शांत कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।
