बलिया : स्मार्ट मीटर में निगेटिव बैलेंस होने पर बंद हो जाएगी आपूर्ति, उपभोक्ताओं के जागरूकता हेतु विद्युत विभाग के विशेष अभियान
बांसडीह(बलिया)। विद्युत विभाग द्वारा उपभोक्ताओं को प्रीपेड स्मार्ट मीटर में उनके निगेटिव बैलेंस का रिचार्ज,एडवांस बिल का डिजिटल भुगतान,एरियर राशि का रिचार्ज के माध्यम से भुगतान के बारे में घर-घर जाकर जागरूकता हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
बुधवार को बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता राजुकमार सिंह के नेतृत्व में बिजली विभाग की टीम ने कस्बे के बड़ी बाजार स्थित विभिन्न स्थानों पर उपभोक्ताओं से सीधा संवाद करके प्रीपेड स्मार्ट मीटर में बैलेंस और डिजिटल भुगतान सहित अन्य पर मुद्दों पर उपभोक्ताओं को जागरूक किया गया। इस अभियान के दौरान 40 उपभोक्ताओं को उनके प्रीपेड मीटर में नेगेटिव बैलेंस होने पर एडवांस रिचार्ज करवाया गया।
अधीक्षण अभियंता राजकुमार सिंह ने बताया कि विद्युत वितरण खंड तृतीय के अंतर्गत उपभोक्ताओं के परिसर पर स्थापित स्मार्ट मीटर प्रीपेड मीटर में बदल दिए गए हैं,अभी तक प्रीपेड मीटर माइनस में बैलेंस होने के बाद भी कार्य करते थे लेकिन वर्तमान में नई व्यवस्था के तहत स्मार्ट मीटर में बैलेंस समाप्त होते ही विद्युत आपूर्ति स्वयं बंद हो जाएगी। इस समस्या से बचने के लिए विद्युत उपभोक्ताओं को समय रहते अपना स्मार्ट मीटर में एडवांस रिचार्ज एवं उपभोक्ता स्वयं ही डिजिटल भुगतान के लिए प्रेरित करने हेतू जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। बताया कि क्षेत्रीय स्तरो पर भी सभी विद्युत सब स्टेशन के एसडीओ, जे ई,सहित अन्य कर्मी जागरूकता अभियान में लगे हुए है।अभियान के दौरान नगर पंचायत के अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, व्यापार मंडल के अध्यक्ष विजय कुमार गुल्लर, जे ई सूर्य प्रकाश आदि मौजूद रहे।
