बलिया : बलिया पुलिस द्वारा व्यापारियों के साथ साइबर सुरक्षा बैठक आयोजित
बलिया। शनिवार को पुलिस अधीक्षक डॉ ओमवीर सिंह की अध्यक्षता में पुलिस लाइन सभागार में जनपद के व्यापारी बंधुओं के साथ साइबर अपराध से बचाव एवं व्यापारी सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के प्रमुख व्यापारियों, उद्यमियों एवं व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। गोष्ठी के दौरान साइबर ठगी, ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल, यूपीआई/बैंकिंग धोखाधड़ी जैसे मामलों से बचाव के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
पुलिस अधीक्षक ने व्यापारियों को साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की सलाह देते हुए अपने-अपने प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने तथा संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को देने का आग्रह किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि व्यापारी सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।बैठक के दौरान व्यापारियों की समस्याएं भी सुनी गईं, जिनके समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक का उद्देश्य जनपद में साइबर अपराध की रोकथाम, जागरूकता बढ़ाना तथा पुलिस-व्यापारी समन्वय को सुदृढ़ करना रहा।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी श्री कृपा शंकर, क्षेत्राधिकारी नगर श्री मो0 उस्मान तथा साइबर थाना प्रभारी नदीम अहमद फरीदी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
