बलिया : बांसडीह पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अपहरण, दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट में वांछित आरोपी गिरफ्तार
बांसडीह,बलिया। उच्चाधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत थाना बांसडीह पुलिस ने अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट से जुड़े एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। कोतवाल प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि वादी द्वारा दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया था कि उसकी नाबालिग पुत्री को प्रतिवादी बहला-फुसलाकर भगा ले गया था। इस आधार पर थाना स्थानीय पर मुकदमा अपराध संख्या 307/2025, धारा 87/137(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था। पुलिस ने पीड़िता की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की थीं।
शुक्रवार को कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक बाँक बहादुर सिंह मय हमराहियों के क्षेत्र में गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त संचिन कुमार (22 वर्ष) पुत्र श्रीनाथ कश्यप उर्फ जघां कश्यप, निवासी ग्राम मैरीटार, थाना बांसडीह, जनपद बलिया को राजपुर शिवरामपुर तिराहे के पास से गिरफ्तार किया गया। कोतवाल ने बताया कि पीड़िता को पूर्व में सकुशल बरामद कर परिजनों को सुपुर्द किया जा चुका है। पीड़िता के बयान के आधार पर मुकदमे में धारा 64(एम) बीएनएस तथा 5 एल/6 पॉक्सो एक्ट की बढ़ोतरी की गई। आरोपी को विधिक कार्रवाई पूर्ण कर न्यायालय भेज दिया गया।
कोतवाल प्रवीण कुमार सिंह पुलिस ने बताया कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
