बलिया : बांसडीह गैस घोटाला: 1015 सिलेंडर गायब, एजेंसी मैनेजर पर FIR दर्ज - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : बांसडीह गैस घोटाला: 1015 सिलेंडर गायब, एजेंसी मैनेजर पर FIR दर्ज

     


    बांसडीह (बलिया)। तहसील बांसडीह में 23 मार्च 2026 को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में उपभोक्ताओं की भारी शिकायतों के बाद प्रशासन ने ‘रुद्र भारत गैस सर्विस’ पर बड़ी कार्रवाई की है। जांच में एजेंसी द्वारा गैस वितरण में भारी अनियमितता और कालाबाजारी का मामला सामने आया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित टीम ने जांच कर रिपोर्ट सौंप दी, जिसके आधार पर एजेंसी के मैनेजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की अनुमति दे दी गई है।

    जांच में सामने आया कि एजेंसी के रिकॉर्ड के अनुसार 23 मार्च तक गोदाम में 1015 भरे हुए घरेलू गैस सिलेंडर और 55 खाली सिलेंडर मौजूद होने चाहिए थे। लेकिन मौके पर भौतिक सत्यापन में एक भी भरा हुआ सिलेंडर नहीं मिला, जबकि खाली सिलेंडरों की संख्या 536 पाई गई। यह स्थिति सीधे तौर पर बड़े पैमाने पर स्टॉक डायवर्जन और कालाबाजारी की ओर इशारा करती है।

    वहीं, जांच के दौरान करीब 40 उपभोक्ताओं के बयान दर्ज किए गए, जिनमें अधिकांश ने बताया कि उन्होंने समय से गैस बुकिंग कराई थी और उनके मोबाइल पर डिलीवरी का मैसेज भी आ गया, लेकिन उन्हें वास्तविक रूप से सिलेंडर नहीं मिला। कई उपभोक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि एजेंसी द्वारा मनमाने तरीके से गैस वितरण किया जा रहा है।

    एजेंसी मैनेजर राजीव कुमार पांडेय से पूछताछ के दौरान संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका और उन्होंने कई बिंदुओं पर स्पष्ट जानकारी देने से इनकार कर दिया। जांच में यह भी सामने आया कि मार्च महीने में एजेंसी को 2796 सिलेंडरों की आपूर्ति हुई थी, लेकिन उसका सही हिसाब-किताब नहीं दिया जा सका।

    प्रशासन ने इसे आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत दंडनीय अपराध मानते हुए एजेंसी मैनेजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का आदेश दिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।