बलिया : 12 सभासदों का मनोनयन, चार नगर पंचायतों में बढ़ी राजनीतिक हलचल - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : 12 सभासदों का मनोनयन, चार नगर पंचायतों में बढ़ी राजनीतिक हलचल



    बांसडीह (बलिया)। उत्तर प्रदेश शासन ने जिले की चार नगर पंचायतों में कुल 12 सभासदों को मनोनीत कर महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय लिया है। आदेश जारी होते ही संबंधित क्षेत्रों में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई, वहीं समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।

    शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, उत्तर प्रदेश नगर पालिका अधिनियम 1916 की धारा 9 की उपधारा (1) के खंड (घ) के तहत राज्यपाल की शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह मनोनयन किया गया है।

    नगर पंचायत बांसडीह में दुर्गेश कुमार मिश्र, तेज बहादुर रावत और प्रवीण कुमार सिंह को सभासद नामित किया गया है। वहीं नगर पंचायत मनियर में कमलेश कुमार उपाध्याय, दिलीप कुमार सिंह और अमृता देवी को मनोनीत किया गया है। नगर पंचायत सहतवार में शम्भु सिंह, दिलीप गुप्ता और राजकुमार वर्मा को सभासद बनाया गया है, जबकि नगर पंचायत रेवती में कौशल कुमार राम, पृथ्वीनाथ पाण्डेय और ईश्वर साहनी को मनोनीत किया गया है।

    इस निर्णय के बाद चारों नगर पंचायतों में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। स्थानीय स्तर पर इसे संगठनात्मक मजबूती और विकास कार्यों को गति देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

    क्षेत्रीय विधायक केतकी सिंह सहित भाजपा के कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सभी मनोनीत सभासदों को बधाई दी है। विधायक केतकी सिंह ने कहा कि यह मनोनयन क्षेत्र के समग्र विकास और संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी सभासद जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करेंगे।