बलिया में आग का कहर: चिलकहर में मां और मासूम की दर्दनाक मौत, पति गंभीर
- घटना: तड़के करीब 3:30 बजे लगी आग
- स्थान: चिलकहर गांव, थाना गड़वार, बलिया
- मृतक: रिंकी (22) व पुत्र धीरज (4)
- घायल: नीरज चौरसिया (24)
- मौके पर पहुंची पुलिस व फायर सर्विस
- आग लगने के कारणों की जांच जारी
जनपद बलिया के चिलकहर गांव में सोमवार तड़के लगी भीषण आग ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। आग की चपेट में आकर मां और उसके चार साल के मासूम बेटे की दम घुटने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया।
बांसडीह/गड़वार (बलिया), 16 मार्च। गड़वार थाना क्षेत्र के चिलकहर बाजार स्थित एक किराना की होलसेल दुकान में रविवार देर रात भीषण आग लगने से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। आग की चपेट में आने से मां और उसके मासूम बेटे की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि पति छत से कूदकर जान बचाने की कोशिश में गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जाता है कि चिलकहर बाजार निवासी नीरज चौरसिया की किराना की होलसेल दुकान है। रविवार देर रात अचानक दुकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान व मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने के दौरान मकान में सो रहे परिवार के लोग इसकी चपेट में आ गए। इस हादसे में रिंकी (22) पत्नी नीरज और उनका चार वर्षीय पुत्र धीरज धुएं के कारण दम घुटने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं नीरज चौरसिया (24) ने जान बचाने के लिए छत से छलांग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें आनन-फानन में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
बलिया पुलिस के अनुसार
सोमवार सुबह करीब 3:30 बजे डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि चिलकहर गांव के एक मकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई है। सूचना मिलते ही गड़वार पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस हादसे में रिंकी (22) पत्नी नीरज तथा उसका चार वर्षीय पुत्र धीरज धुएं और आग के कारण दम घुटने से मौके पर ही दम तोड़ बैठे। वहीं नीरज चौरसिया (24) पुत्र झूलन चौरसिया गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक बलिया भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही फील्ड यूनिट की टीम और अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुटे रहे।पुलिस के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई जारी है।
