बलिया : बांसडीह बड़ी बाजार में 17 लाख की लागत से आधुनिक स्ट्रीट लाइट स्थापना, होली से पहले जगमगाएगा पूरा बाजार - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : बांसडीह बड़ी बाजार में 17 लाख की लागत से आधुनिक स्ट्रीट लाइट स्थापना, होली से पहले जगमगाएगा पूरा बाजार

    खंभे पर स्ट्रीट लाइट लगाते नपा कर्मी

    बांसडीह,बलिया। होली पर्व से पहले नगर की हृदय स्थली बड़ी बाजार अब रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाने को तैयार है। बांसडीह नगर पंचायत द्वारा करीब 17 लाख रुपये की लागत से बड़ी बाजार क्षेत्र में आधुनिक स्ट्रीट लाइट एवं तिरंगा एलईडी लाइट लगाने का कार्य तेजी से कराया जा रहा है।सभी कार्यों पूरे हो जाने पर बुधवार को पूरे विधि विधान से स्ट्रीट लाइट का जनहित में लोकार्पण किया जायेगा।

    नगर पंचायत प्रशासन की इस पहल से स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। वर्षों से बेहतर प्रकाश व्यवस्था की मांग कर रहे बाजारवासियों को अब राहत मिलने वाली है। नई स्ट्रीट लाइटें न केवल बाजार की सुंदरता बढ़ाएंगी, बल्कि रात्रि के समय सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत करेंगी।

    नगर पंचायत के चेयरमैन सुनील कुमार सिंह ने बताया कि नगर के विकास के प्रति प्रशासन पूरी तरह सजग और प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि होली से पहले ही बड़ी बाजार को रोशनी से सजाकर नगरवासियों को एक खास तोहफा दिया जा रहा है। आगे भी विकास कार्यों की यह श्रृंखला निरंतर जारी रहेगी। नगर पंचायत प्रशासन द्वारा कराए जा रहे कार्य के लिए गोपाल गुप्ता,संजय गुप्ता,पंकज कुमार गुप्ता,कन्हैया गुप्ता,अनिल सोनी,शत्रुघ्न वर्मा,भोला गुप्ता,अशोक गुप्ता, आदि क्षेत्रीय लोग ने धन्यवाद ज्ञापित किया है।


    विजय कुमार "गुल्लर" व्यापार मण्डल अध्यक्ष,बांसडीह,बलिया

    व्यापार मंडल अध्यक्ष विजय कुमार गुल्लर का कहना है कि आधुनिक स्ट्रीट लाइट और तिरंगा एलईडी से बाजार की रौनक कई गुना बढ़ जाएगी। त्योहार के अवसर पर खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को बेहतर सुविधा और सुरक्षित वातावरण मिलेगा।

    मनोज साहू,वरिष्ठ व्यापारी एवं महामंत्री व्यापार मंडल बांसडीह,बलिया

    वरिष्ठ व्यापारी मनोज साहू ने बताया कि होली से पहले बड़ी बाजार का यह नया रूप निश्चित रूप से नगरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा और विकास की नई तस्वीर पेश करेगा।