बलिया :होली से बांसडीह के बाजार गुलजार, पिचकारियों और मिठाइयों की बढ़ी मांग
बांसडीह, बलिया। रंगों का पर्व होली नजदीक आते ही नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के बाजारों में रौनक चरम पर पहुंच गई है। कस्बे की मुख्य सड़कों से लेकर मोहल्लों तक की दुकानों पर रंग-बिरंगी पिचकारियों की भरमार देखने को मिल रही है। बच्चों से लेकर युवाओं तक के लिए अलग-अलग डिजाइन, आकार और दामों में पिचकारियां सजाई गई हैं।
बाजार में कार्टून कैरेक्टर वाली पिचकारियां छोटे बच्चों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं, वहीं टैंक और गन स्टाइल पिचकारियां युवाओं को खूब लुभा रही हैं। दुकानदारों ने भी ग्राहकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए नई-नई वैरायटी मंगाई है, जिससे खरीदारी में उत्साह और बढ़ गया है।
इस त्यौहार में सिर्फ पिचकारियां ही नहीं, बल्कि साड़ी, कपड़े, रेडीमेड गारमेंट्स, जनरल स्टोर और किराने की दुकानों पर भी ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। त्योहार को लेकर लोग नए वस्त्रों की खरीदारी के साथ-साथ घरों की जरूरत का सामान भी जमकर खरीद रहे हैं। बाजार में बढ़ती भीड़ से दुकानदारों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही है।
इधर होली की पारंपरिक मिठाइयों की भी जबरदस्त मांग है। गुझिया, पापड़ और अन्य घरेलू पकवानों की बिक्री जोर-शोर से हो रही है। मिठाई की दुकानों और किराना स्टोरों पर ग्राहकों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। होली की दस्तक के साथ बांसडीह का बाजार रंगों, उत्साह और उमंग से सराबोर नजर आ रहा है, और हर कोई इस पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाने की तैयारी में जुटा है।


