बलिया : ऑपरेशन मुस्कान के तहत 5 वर्षीय गुमशुदा बालक को एक घंटे में परिजनों से मिलाया,पुलिस की तत्परता से परिवार में लौटी मुस्कान - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : ऑपरेशन मुस्कान के तहत 5 वर्षीय गुमशुदा बालक को एक घंटे में परिजनों से मिलाया,पुलिस की तत्परता से परिवार में लौटी मुस्कान

     



    बांसडीह (बलिया)। स्थानीय पुलिस ने सराहनीय तत्परता दिखाते हुए ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत गुम हुए पांच वर्षीय बालक को महज एक घंटे के भीतर उसके माता-पिता से मिलाकर सुरक्षित सुपुर्द कर दिया। बच्चे के मिलने से परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई।

    शुक्रवार को करीब चार बजे कस्बे के बाजार क्षेत्र में एक पांच वर्षीय बालक रोते हुए भटकता मिला। आसपास के दुकानदारों ने उसे पानी व बिस्कुट देकर शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन बच्चा “पापा-पापा” कहते हुए लगातार रोता रहा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को अपने संरक्षण में लेकर उसकी पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू की।

    पुलिस ने बच्चे की फोटो सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों से प्रसारित की। बांसडीह पुलिस चौकी के उपनिरीक्षक सौरभ श्रीवास्तव के नेतृत्व में आरक्षी अखिलेश पटेल व निसार अहमद की टीम ने सक्रियता दिखाते हुए बच्चे के परिजनों का पता लगाने में जुट गई। काफी प्रयासों के बाद लगभग एक घंटे के भीतर बच्चे की पहचान सरोज खान पुत्र फिरोज खान निवासी ग्राम नवमा पकड़िया, थाना सुगड़ी, जनपद पीलीभीत के रूप में हुई।

    कोतवाल प्रवीण सिंह ने बताया कि बालक इन दिनों अपने परिवार के साथ कस्बा बांसडीह के वार्ड नंबर 11 स्थित नाना उस्मान अहमद के घर आया हुआ था। खेलते-खेलते वह घर से निकलकर बाजार पहुंच गया और रास्ता भटक गया। स्थानीय स्तर पर पहचान कराने की कोशिश की गई, लेकिन बच्चा बाहरी होने के कारण प्रारंभ में पहचान नहीं हो सकी।

    पुलिस ने बच्चे के माता-पिता को बुलाकर विधिवत पहचान व तस्दीक के बाद बालक को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया। अपने बच्चे को सुरक्षित पाकर परिजनों ने पुलिस टीम का आभार जताया और उनकी तत्परता की सराहना की।