बलिया : नाबालिग से दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार, बांसडीह पुलिस की कार्रवाई
बांसडीह (बलिया)। कोतवाली पुलिस ने नाबालिग को अपहृत कर उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ सघन अभियान के तहत की गई।अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र के नेतृत्व में थाना बांसडीह पुलिस टीम को यह सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार, 27 मार्च 2026 को वादी की तहरीर पर थाना बांसडीह में मु0अ0सं0 79/2026 के तहत अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया था। मामले में नाबालिग के अपहरण व दुष्कर्म की घटना के बाद पुलिस उसकी बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी थी।
विवेचना के दौरान 29 मार्च 2026 को उपनिरीक्षक बांक बहादुर सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान मैरीटार चौराहे के पास मंदिर के पास से अभियुक्त प्रदीप कुमार चौहान (23 वर्ष), निवासी राजपुर थाना बांसडीह, को सुबह करीब 9:35 बजे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ धारा 87, 137(2), 65(1) बीएनएस व 5एल/6 पाक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया गया है।गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक बांक बहादुर सिंह और कांस्टेबल प्रमोद कुमार शामिल रहे।
