बलिया : उचित दर दुकान आवंटन की खुली बैठक स्थगित
बांसडीह,बलिया। उपजिलाधिकारी के निर्देश पर ग्राम पंचायत बिजलीपुर किसूनीपुर में उचित दर दुकान (सस्ते राशन की दुकान) के आवंटन के लिए प्रस्तावित खुली बैठक को फिलहाल निरस्त कर दिया गया है।
खण्ड विकास अधिकारी मनोज कुमार शर्मा द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 27 मार्च 2026 को पंचायत भवन बिजलीपुर में तीन सदस्यीय समिति की उपस्थिति में बैठक आयोजित की जानी थी। इस बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत नए उचित दर विक्रेता के चयन के लिए प्रस्ताव पारित किया जाना प्रस्तावित था।
बताया गया कि ग्राम पंचायत में दुकान की आरक्षण श्रेणी अनारक्षित है और चयन प्रक्रिया शासनादेश के अनुरूप द्वितीय वरीयता व्यवस्था के आधार पर की जानी थी। प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए बैठक की फोटो व वीडियोग्राफी भी अनिवार्य की गई थी।
हालांकि, 26 व 27 मार्च को अवकाश होने के कारण प्रस्तावित खुली बैठक को अग्रिम आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। अब नई तिथि घोषित होने के बाद ही कोटेदार चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
