बलिया : बांसडीह में संपूर्ण समाधान दिवस: 55 शिकायतें, 7 का मौके पर निस्तारण — गैस घोटाले पर डीएम सख्त, जांच के आदेश - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : बांसडीह में संपूर्ण समाधान दिवस: 55 शिकायतें, 7 का मौके पर निस्तारण — गैस घोटाले पर डीएम सख्त, जांच के आदेश

     



    बांसडीह,बलिया। तहसील बांसडीह में सोमवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में प्रशासन का सख्त रुख देखने को मिला। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह की मौजूदगी में फरियादियों की समस्याओं की सुनवाई की गई, जिसमें कुल 55 शिकायतें दर्ज हुईं, जबकि 7 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।


    जनसुनवाई के दौरान पेंशन, राशन कार्ड, नाली निर्माण, अवैध कब्जा, वरासत और गैस वितरण से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रहीं। भूमि विवाद के मामलों की अधिकता को देखते हुए डीएम ने राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर जांच कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

    गैस वितरण पर बड़ा एक्शन

    सुनवाई के दौरान कई ग्रामीणों ने रुद्र भारत गैस एजेंसी पर गंभीर आरोप लगाए। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि डिलीवरी का मैसेज तो आता है, लेकिन गैस सिलेंडर नहीं मिलता। इस पर डीएम ने एजेंसी संचालक को तलब कर कड़ी फटकार लगाई और जिला पूर्ति अधिकारी को तत्काल जांच के आदेश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि गड़बड़ी मिलने पर कड़ी कार्रवाई तय है।

    फसल काटने के मामले में एफआईआर के निर्देश

    वहीं, सुल्तानपुर निवासी नरेंद्र ने शिकायत की कि ताहिरपुर गांव के कुछ लोगों ने उनकी सरसों की फसल जबरन काट ली। मामले को गंभीर मानते हुए डीएम ने एसडीएम बांसडीह को मौके पर जांच के निर्देश दिए और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने को कहा।सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में जनसमस्याओं के समाधान के लिए सख्त रुख अपनाया गया, जिससे फरियादियों में न्याय की उम्मीद जगी है।