बलिया: पर्ची कटी, गैस नहीं मिली, रिकॉर्ड में दिखी डिलीवरी… डीएम के आदेश पर एजेंसी में छापा
बांसडीह (बलिया):स्थानीय तहसील क्षेत्र में रसोई गैस वितरण व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में बड़ी संख्या में रुद्र भारत गैस एजेंसी के उपभोक्ताओं ने जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह से शिकायत कर आरोप लगाया कि पर्ची कटने के बावजूद उन्हें गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा, जबकि एजेंसी के रिकॉर्ड और मोबाइल में मैसेज के माध्यम से डिलीवरी दर्शा दी गई है।
क्षेत्र के बंशीधर मिश्र, अमित सिंह,सनोज कुमार,ऊषा देवी आदि उपभोक्ताओं का कहना था कि कई दिनों से एजेंसी के चक्कर लगाने के बाद भी गैस नहीं मिल रही है। इसके विपरीत कागजों और मोबाइल में आए संदेश में वितरण पूरा दिखाया जा रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने तत्काल जांच टीम गठित कर जांच के निर्देश दिए।
डीएम के आदेश पर जिला विकास अधिकारी आनंद सिंह के नेतृत्व में टीम ने रुद्र भारत गैस एजेंसी पर पहुंचकर जांच की। इस दौरान क्षेत्राधिकारी जयशंकर मिश्र व प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह भी मौजूद रहे। टीम ने गैस आपूर्ति, वितरण रजिस्टर व उपभोक्ताओं की पर्चियों का मिलान कर स्थिति का जायजा लिया साथ ही रुद्र भारत गैस के शाहपुर स्थित गोदाम की भी जांच पड़ताल की गई।
रुद्र भारत गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं की भारी भीड़जांच के दौरान एजेंसी के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लगी रहीं। कई लोगों ने आरोप लगाया कि देर रात में ही अधिकांश सिलेंडर कालाबाजारी कर खपा दिए जाते हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ती है।जांच टीम ने आवश्यक अभिलेखों को खंगालने के साथ ही साक्ष्य एकत्र किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट तैयार कर जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।



