बलिया : मानदेय में 8 हजार की वृद्धि पर शिक्षामित्रों में खुशी, विधायक केतकी सिंह का किया सम्मान
बांसडीह,बलिया। अप्रैल माह से शिक्षामित्रों के मानदेय में 8 हजार रुपये की वृद्धि की घोषणा के बाद जिले भर के शिक्षामित्रों में उत्साह का माहौल है। इसी क्रम में शिक्षामित्र संघ के पदाधिकारी व सदस्य मैरीटार गांव स्थित भाजपा विधायक केतकी सिंह के आवास पहुंचे और उन्हें स्मृति चिह्न भेंटकर आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विधायक ने शिक्षामित्रों को मिठाई खिलाकर बधाई दी।
विधायक केतकी सिंह ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के प्रति संवेदनशील है और उनके हितों के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मानदेय वृद्धि से शिक्षामित्रों को सम्मानपूर्वक जीवनयापन करने में मदद मिलेगी। जिस निष्ठा और समर्पण के साथ शिक्षामित्र अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं, वह सराहनीय है। उम्मीद है कि वे आगे भी इसी तरह शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने में योगदान देते रहेंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि सरकार द्वारा शिक्षामित्रों के लिए कैशलेस मेडिकल सुविधा की घोषणा की गई है। विधायक ने आश्वस्त किया कि शिक्षामित्रों से जुड़े अन्य मुद्दों को भी वह लगातार मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाती रहेंगी।
कार्यक्रम में शिक्षामित्र संघ के जिलाध्यक्ष पंकज सिंह सहित अखिलेश पांडेय, निर्भय नारायण राय, राकेश पांडेय, सतेन्द्र मौर्य, हरेराम यादव, अखिलेश वर्मा, भृगुनाथ शर्मा, अजय सिंह, लालजी वर्मा, मंजूर हुसैन, धर्मनाथ सिंह, रमेश पांडेय, सुधीर शुक्ला, नीरज सिंह, सुग्रीव साहनी, शाकिर अंसारी, वीरेंद्र सिंह, सूर्यभान, अवधेश, बृजेश राव, शशिभूषण यादव, शिवकुमार राम, प्रयागराज सिंह, जयप्रकाश पांडेय, फतेह बहादुर यादव, मनोज यादव, अरविंद यादव व मुकेश राय सहित बड़ी संख्या में शिक्षामित्र उपस्थित रहे।
