Ballia News: जमीनी विवाद में फरसे से जानलेवा हमला, एक ही परिवार के 5 लोग घायल - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    Ballia News: जमीनी विवाद में फरसे से जानलेवा हमला, एक ही परिवार के 5 लोग घायल

     


    • पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर तीन महिलाओं समेत नौ लोगों पर FIR दर्ज
    • बांसडीह थाना क्षेत्र के रघुवर नगर गांव की घटना 


    बांसडीह (बलिया)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रघुवर नगर में शुक्रवार शाम जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पट्टीदारों ने एक राय होकर फरसा, लाठी-डंडा, तलवार और ग़ड़ासा से हमला कर एक व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल कर दिया।बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों को भी नहीं बख्शा गया।


    रघुवर नगर निवासी पीड़ित रास बिहारी गोंड ने पुलिस को दिए तहरीर के अनुसार, 27 फरवरी 2026 की शाम करीब 7 बजे वह अपने घर पर बैठे थे। इसी दौरान गांव के ही मनन गोंड पुत्र रघुपति गोंड, सूरज गोंड, नीरज गोंड, धीरज गोंड, राकेश गोंड, बिंदु गोंड, फुलकली देवी, बृज बिहारी गोंड तथा गुलाईची देवी समेत अन्य लोग हथियारों से लैस होकर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे।

    विरोध करने पर आरोप है कि मनन गोंड ने फरसे से उनके सिर पर जानलेवा वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पुत्र मनोज गोंड, पत्नी जितनी देवी, पुत्र विश्वकर्मा गोंड एवं पुत्री डिंपल गोंड को भी मारपीट कर घायल कर दिया गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांसडीह में भर्ती कराया गया, जहां उपचार चल रहा है।

    पुलिस क्या कहती है?


    कोतवाल प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर प्राप्त हुई है। संबंधित आरोपियों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया गया है,मामले की जांच की जा रही है। जांचोपरांत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।