बलिया :बांसडीह के सीएचसी अगउर में महीनों से एक्स-रे मशीन खराब, मरीज परेशान - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया :बांसडीह के सीएचसी अगउर में महीनों से एक्स-रे मशीन खराब, मरीज परेशान

     



    बांसडीह,बलिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगउर में पिछले कई महीनों से एक्स-रे मशीन खराब पड़ी है, जिसके चलते क्षेत्र के मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दूर-दराज के गांवों से आने वाले मरीजों को जांच के लिए निजी केंद्रों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।


    सीएचसी में तैनात एक्स रे तकनीशियन संजय सोनी ने बताया कि मशीन में अर्थिंग की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण एक्स-रे मशीन का संचालन संभव नहीं हो पा रहा है। तकनीकी खामी की जानकारी विभाग को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान के लिए कोई ठोस पहल नहीं हो सका है। वहीं, सीएचसी पर तैनात चिकित्सक डॉ सीपी पाण्डेय ने बताया कि एक्स-रे खराब होने को लेकर जिले के उच्चाधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया है। लिखित एवं मौखिक सूचना देने के बावजूद मशीन की मरम्मत या नई मशीन की व्यवस्था नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि एक्स-रे सुविधा बाधित होने से फ्रैक्चर, छाती और अन्य गंभीर बीमारियों के मरीजों की जांच में देरी हो रही है।


    स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी अस्पताल में मूलभूत जांच सुविधा ठप रहने से मरीजों को निजी अस्पतालों में महंगे परीक्षण कराने पड़ रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि मरीजों की असुविधा को देखते हुए एक्स-रे मशीन को शीघ्र ठीक कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। क्षेत्रीय ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे उच्च स्तर पर शिकायत करने के लिए बाध्य होंगे।

    सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के अधीक्षक ने क्या कहा?

    सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ प्रणय कुणाल ने बताया कि वर्तमान एक्स-रे मशीन काफी पुरानी हो चुकी है, जिसके संचालन में तकनीकी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि नई डिजिटल एक्स-रे मशीन की स्थापना के लिए विभाग को पत्र भेजा गया था। विभाग द्वारा मांग स्वीकृत कर दी गई है और जल्द ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर नई डिजिटल एक्स-रे मशीन स्थापित कर दी जाएगी, जिससे मरीजों को बेहतर और त्वरित जांच सुविधा मिल सकेगी।