बलिया : अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आए तीन किशोर, एक वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर
बांसडीह,बलिया।स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के शाहपुर नहर के पास रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बालू और सीमेंट से लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली की साइकिल सवार तीन किशोरों से जोरदार टक्टर हो गई। इस हादसे में तीनों किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक की हालत नाजुक होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शाहपुर निवासी आकाश (पुत्र संजय), छोटू (पुत्र धूपन) और कृष्णा (पुत्र सुरेंद्र) रविवार दोपहर अपने गांव से अपने डेरा की तरफ साइकिल से जा रहे थे। अभी गांव के पास स्थित नहर के पास पहुंचे थे कि बालू और सीमेंट से लदी एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राली ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों किशोर सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल प्रवीण कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया।
जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने कृष्णा की हालत अत्यंत गंभीर देखते हुए उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। वहीं आकाश और छोटू का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की स्थिति भी गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने दुर्घटनास्थल का मुआयना कर ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि घायलों के स्वजन इलाज में व्यस्त हैं। तहरीर मिलने पर प्रकरण में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
