बलिया में सनसनी: ब्लैकमेलिंग से तंग आकर रची हत्या की साजिश, तीन गिरफ्तार - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया में सनसनी: ब्लैकमेलिंग से तंग आकर रची हत्या की साजिश, तीन गिरफ्तार

     

    रसड़ा (बलिया): रसड़ा थाना क्षेत्र में मिले अज्ञात युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मामला प्रेम संबंध और ब्लैकमेलिंग से जुड़ा निकला। पुलिस के अनुसार पांच लोगों ने मिलकर युवक की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। घटना में शामिल एक महिला समेत तीन मुख्य आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।

    बीते 10 फरवरी को मिला था शव चिलकहर-नत्थोपुर मार्ग पर ग्राम लोहटा के पास 10 फरवरी 2026 को एक अज्ञात युवक का शव मिला था। स्वाट और सर्विलांस टीम के साथ रसड़ा पुलिस ने जांच शुरू की। शिनाख्त होने पर मृतक की पहचान पंकज गुप्ता निवासी आजमगढ़ के रूप में हुई। जांच में हत्या की साजिश की परतें खुलती चली गईं।पुलिस पूछताछ में सामने आया कि पंकज के पास आरोपी विजय पाल सिंह की बहन रेखा सिंह की कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो थे। इन्हीं के जरिए वह रेखा पर दबाव बना रहा था और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। परेशान होकर रेखा ने पूरी बात अपने पति और परिजनों को बताई।पुलिस के मुताबिक 5 फरवरी को चिलकहर में एक विवाह समारोह के दौरान आरोपितों ने पंकज को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। 7 फरवरी को उसे बहाने से बुलाया गया और गला घोंटकर हत्या कर दी गई। साक्ष्य मिटाने के लिए उसके कपड़े जला दिए गए और मोबाइल फोन दूर फेंक दिया गया।मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर मनीष सिंह (निवासी चिलकहर, बलिया), विजय पाल सिंह (निवासी आजमगढ़) और अंजनी सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के पास से मृतक का मोबाइल, तेजाब की दो खाली बोतलें और घटना में प्रयुक्त होंडा मोटरसाइकिल (UP50Y3095) बरामद की गई है।पुलिस का कहना है कि फरार दो अन्य आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है। मामले में विधिक कार्रवाई जारी है।