बलिया : गैस कालाबाजारी पर सख्ती, डीएम-एसपी ने एजेंसी संचालकों को दिए कड़े निर्देश
बलिया, 13 मार्च। जनपद में गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु रखने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए शुक्रवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में गैस एजेंसी संचालकों व डिस्ट्रिब्यूटरों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने जनपद के सभी गैस एजेंसी मालिकों और वितरकों से वार्ता कर स्पष्ट निर्देश दिए कि गैस सिलेंडर की कालाबाजारी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि बिना बुकिंग के हॉकरों को गैस सिलेंडर न दिए जाएं और वितरण प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रखी जाए।
अधिकारियों ने यह भी चेतावनी दी कि गैस आपूर्ति को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और पुराने या भ्रामक वीडियो साझा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में पेट्रोल पंप संचालकों को भी “नो हेलमेट, नो पेट्रोल” अभियान का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही पुलिस विभाग को बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई तेज करने को कहा गया।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

