बलिया :स्कूल जाती छात्रा से छेड़खानी, विरोध पर दी जान से मारने की धमकी; मुकदमा दर्ज
बांसडीह (बलिया): कोतवाली क्षेत्र के खेवसर (महेश के टोला) में एक मनचले युवक की हरकतों से छात्रा और उसका परिवार दहशत में है। आरोपी युवक स्कूल जाते समय छात्रा का पीछा कर उससे छेड़खानी करता है और सोशल मीडिया के माध्यम से भी उसे परेशान कर रहा है। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़ित पिता शंकर जी यादव ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री जब स्कूल जाती है तो दरांव निवासी अनुप यादव लंबे समय से उसे परेशान कर रहा है। आरोप है कि वह रास्ते में पीछा कर अभद्र टिप्पणियां करता है और मोबाइल पर अश्लील मैसेज भेजता है।
बताया गया कि बीते 9 मार्च को सुबह करीब 10 बजे छात्रा स्कूल जा रही थी, तभी आरोपी बाइक से उसका पीछा करते हुए बीच रास्ते में पहुंच गया और उसे घेर लिया। विरोध करने पर उसने छात्रा के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और जान से मारने की धमकी दी।
परिवार का आरोप है कि आरोपी इंस्टाग्राम पर छात्रा के आपत्तिजनक वीडियो बनाकर अपलोड करने की कोशिश भी कर रहा है। इससे छात्रा मानसिक रूप से काफी परेशान है और अब स्कूल जाने से भी डर रही है। पीड़ित परिवार के अनुसार पहले भी इस मामले में सामाजिक स्तर पर समझौता कराया गया था, लेकिन आरोपी की हरकतों में कोई सुधार नहीं हुआ।
प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
