बलिया : गैस संकट के बीच एजेंसी कर्मी का छलका दर्द, कोतवाली के सामने रो पड़ा कर्मचारी
बांसडीह,बलिया। क्षेत्र में लगातार गहराते गैस संकट के बीच गुरुवार को एक भावुक कर देने वाला दृश्य सामने आया। स्थानीय रुद्र भारत गैस एजेंसी का एक कर्मी कोतवाली के सामने फूट-फूटकर रोता हुआ दिखा। इस घटना ने साफ कर दिया कि गैस वितरण की अव्यवस्था का दबाव सिर्फ उपभोक्ताओं पर ही नहीं, बल्कि एजेंसी कर्मियों पर भी भारी पड़ रहा है।
(वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है)बताया जा रहा है कि करीब चार दिनों बाद गुरुवार सुबह एजेंसी पर महज 360 सिलेंडरों की खेप पहुंची है। लेकिन इसके उलट एजेंसी कार्यालय पर पर्ची कटवाने के लिए हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी। हालात इतने बिगड़ गए कि भीड़ को नियंत्रित करना एजेंसी कर्मियों के लिए मुश्किल हो गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एक कर्मचारी सीधे कोतवाली पहुंचा और पुलिस से मदद की गुहार लगाई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कर्मचारी ने पुलिसकर्मियों के सामने अपनी मजबूरी बताते हुए कहा कि “साहब, भीड़ बहुत ज्यादा है, गैस सिर्फ एक गाड़ी आई है, कैसे संभालेंगे? पुराने उपभोक्ता, जिनकी पर्ची पहले से कटी है, वो भी लाइन में हैं और नए लोग भी लगातार आ रहे हैं।”
कर्मी की यह हालत देखकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो गए। यह घटना क्षेत्र में गैस आपूर्ति की बिगड़ी व्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल खड़े कर रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही गैस आपूर्ति को नियमित नहीं किया गया, तो हालात और भी बिगड़ सकते हैं। फिलहाल पुलिस द्वारा स्थिति को संभालने का प्रयास किया जा रहा है।
