बलिया : बांसडीह में अफवाह से पेट्रोल-डीजल की किल्लत का भ्रम, पंपों पर लगी लंबी कतारें,देखे वीडियो - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : बांसडीह में अफवाह से पेट्रोल-डीजल की किल्लत का भ्रम, पंपों पर लगी लंबी कतारें,देखे वीडियो

     


    बांसडीह (बलिया)। क्षेत्र में हाल ही में रसोई गैस की किल्लत के बाद अब पेट्रोल और डीजल को लेकर भी संकट की चर्चा तेज हो गई। हालांकि ताजा जांच में यह बात सामने आई है कि पेट्रोल-डीजल की कमी की खबरें पूरी तरह अफवाह हैं।




    अफवाह के चलते क्षेत्र के कई पेट्रोल पंपों पर लोगों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। बड़ी संख्या में लोग डब्बे और कनस्तर लेकर ईंधन भरवाने पहुंच गए। वहीं, कई उपभोक्ता सामान्य दिनों की तुलना में अधिक मात्रा में पेट्रोल-डीजल लेने लगे, जिससे भीड़ और बढ़ गई और अफवाह को और बल मिला। 

    बांसडीह मनियर मार्ग पर स्थित एन डी फिलिंग स्टेशन के संचालक मनीश चंद्र ने बताया कि मंगलवार शाम करीब छह बजे से रात साढ़े आठ बजे तक भारी भीड़ उमड़ी, लेकिन सभी उपभोक्ताओं को सुचारु रूप से पेट्रोल-डीजल उपलब्ध कराया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में स्टेशन पर लगभग 7 हजार लीटर पेट्रोल और करीब 4 हजार लीटर डीजल उपलब्ध है, साथ ही एक और सप्लाई वाहन आने वाला है।

    इसी तरह बांसडीह बलिया मार्ग पर स्थित जेडीएम पेट्रोल पंप के मैनेजर अभिषेक कुशवाहा ने भी बताया कि पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।

    पेट्रोल पंप संचालकों ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही ईंधन लें, ताकि अनावश्यक भीड़ और भ्रम की स्थिति न बने।