बलिया : बांसडीह में गैस के लिए मारामारी, आधी रात से लाइन में खड़े उपभोक्ता - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : बांसडीह में गैस के लिए मारामारी, आधी रात से लाइन में खड़े उपभोक्ता

     


    बांसडीह (बलिया)। क्षेत्र में रसोई गैस संकट गहराता जा रहा है। गैस सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग रही हैं। हालात ऐसे हैं कि लोग रात के बारह बजे से ही पर्ची कटवाने के लिए लाइन में खड़े हो जा रहे हैं।


    स्थानीय लोगों के अनुसार परेशानियां इतनी बढ़ गई हैं कि एक ही परिवार के दो सदस्य अलग-अलग स्थानों पर लाइन लगाने को मजबूर हैं। एक सदस्य गैस एजेंसी कार्यालय पर पर्ची कटवाने के लिए खड़ा है, तो दूसरा करीब दो किलोमीटर दूर शाहपुर स्थित गैस गोदाम पर सिलेंडर लेने के लिए लाइन में लगा हुआ है।


    सबसे खराब स्थिति महिलाओं की है, जो एजेंसी परिसर में अलग लाइन लगाकर घंटों इंतजार कर रही हैं। अव्यवस्था और भीड़ के कारण उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।


    बताया जा रहा है कि बीते रविवार को एजेंसी द्वारा गैस सिलेंडर का वितरण किया गया था। ऐसे में करीब चार दिन बाद अब गैस की गाड़ी आने की उम्मीद है, जिसके बाद ही वितरण संभव हो सकेगा।

    मौके पर हालात और भी चिंताजनक हैं। रुद्र भारत गैस एजेंसी के संचालक या कोई कर्मचारी नजर नहीं आ रहा है, वहीं भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासनिक अमला भी अनुपस्थित है। इतनी भारी भीड़ के बीच गैस वितरण कैसे किया जाएगा, इसको लेकर किसी जिम्मेदार अधिकारी द्वारा कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है, जिससे उपभोक्ताओं में आक्रोश और असमंजस की स्थिति बनी हुई है।