बलिया : बांसडीह में नाबालिग किशोरी से छेड़खानी, विरोध पर दी जान से मारने की धमकी; आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
बांसडीह (बलिया)। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग किशोरी के साथ घर में घुसकर छेड़खानी करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने मामले में पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पीड़िता की मां ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि घटना 7 फरवरी की रात की है। उनकी 16 वर्षीय नाबालिग पुत्री अपने कमरे में सो रही थी। इसी दौरान पड़ोस का रहने वाला प्रदीप चौहान चुपचाप कमरे में घुस गया। आरोप है कि उसने किशोरी का मुंह दबाकर उसके साथ छेड़खानी शुरू कर दी।किशोरी के चिल्लाने और शोर सुनकर स्वजनों के मौके पर पहुंचने पर आरोपी गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर भाग निकला। पीड़िता ने तुरंत यूपी 112 पर फोन कर पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रारंभिक जांच की और आरोपित को थाने बुलाया, लेकिन वह कानूनी कार्रवाई के डर से फरार बताया जा रहा है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह जे बताया कि मामले में पीड़िता की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपित की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहें हैं।
