बलिया : होली की रात बांसडीह में दर्दनाक सड़क हादसा, बोलेरो की टक्कर से युवक की मौत, दो गंभीर घायल - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : होली की रात बांसडीह में दर्दनाक सड़क हादसा, बोलेरो की टक्कर से युवक की मौत, दो गंभीर घायल

     


    बांसडीह,बलिया। होली की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं जब बुधवार रात करीब 9 बजे कोतवाली क्षेत्र के बांसडीह–मनियर मार्ग स्थित पाण्डेय के पोखरा के पास तेज रफ्तार बोलेरो ने दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।चिकित्सकों के अनुसार घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही हैं।


    मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मनियर की ओर से आ रही बोलेरो अत्यधिक गति में थी। वाहन ने पहले बांसडीह की तरफ जा रही एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मारी, फिर दूसरी बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा भिड़ी। पोल से टकराते ही बोलेरो पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

    बताया जा रहा हैं कि इस हादसे में कैथवली निवासी नीरज गोंड (20) पुत्र ललन गोंड की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं कैथवली निवासी आकाश गोंड पुत्र आत्मा गोंड और बैरिया निवासी राजेंद्र (40) पुत्र राजा राम गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनको प्राथमिक इलाज के बाद उचित इलाज के लिए चिकित्सकों ने जिलास्पताल भेज दिया हैं।

    सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए दोनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।होली के दिन हुए इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।