बलिया :राजपूत नेवरी में दो पक्षों में कहासुनी के बाद विवाद, पत्थर लगने से बाइक की टंकी क्षतिग्रस्त
बलिया। कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के राजपूत नेवरी मोहल्ले में बुधवार दोपहर लगभग 2:00 बजे दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद विवाद हो गया। घटना में एक मोटरसाइकिल की टंकी क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि पास में खड़ी एक ई-रिक्शा का शीशा भी टूट गया। हालांकि, किसी भी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रथम पक्ष के अभय पटेल एवं शिव गुप्ता निवासी बेदुवा बांध, बिचला घाट, थाना कोतवाली नगर, बलिया मोटरसाइकिल से राजपूत नेवरी गली से गुजर रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के इकबाल, अब्दुल्ला और परवेज रशीद निवासी गढ़ राजपूत नेवरी से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान दूसरे पक्ष की ओर से मोटरसाइकिल की टंकी पर पत्थर/ईंट से वार किया गया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। साथ ही पास में खड़ी एक ई-रिक्शा का शीशा भी टूट गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात है और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
मीडिया सेल,बलिया
