बांसडीह: मिठाई की दुकान में भीषण आग, गैस सिलेंडर फटने से मचा हड़कंप, लाखों का नुकसान
- बांसडीह में भीषण आग
- मिठाई की दुकान में सिलेंडर ब्लास्ट
- लाखों का सामान जलकर राख
- होली की रात बड़ा हादसा
बांसडीह (बलिया)। कोतवाली क्षेत्र के डूहिमुसी चट्टी पर होली की रात एक मिठाई की दुकान में अचानक आग लग जाने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। आग के दौरान दुकान में रखा गैस सिलेंडर भी फट गया, जिससे कुछ देर के लिए इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार पिंडहरा कैथौली निवासी भृगु प्रसाद की डूहिमुसी चट्टी पर मिठाई की दुकान है। होली के चलते बुधवार को वह दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। इसी बीच दुकान में अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई और देखते ही देखते लपटों ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की भीषणता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दुकान में रखा गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे आग और विकराल हो गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दुकानदार को फोन कर घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा दी गई, नहीं तो आसपास की अन्य दुकानों तक भी लपटें पहुंच सकती थीं और बड़ा हादसा हो सकता था।
आग बुझाने में स्थानीय ग्रामीणों ने भी फायर ब्रिगेड के साथ मिलकर काफी प्रयास किया। इस घटना में दुकान में रखा मिठाई, बर्तन, काउंटर समेत अन्य सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया, जिससे दुकानदार को लाखों रुपये की क्षति हुई।
