बलिया: बांसडीह में दो नाबालिग लापता, परिजनों में मचा हड़कंप; पुलिस ने शुरू की तलाश - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया: बांसडीह में दो नाबालिग लापता, परिजनों में मचा हड़कंप; पुलिस ने शुरू की तलाश

                फोटो - लापता हुए दोनों किशोर

    बांसडीह (बलिया): कोतवाली क्षेत्र के डुहीमुसी गांव से दो नाबालिग किशोरों के अचानक लापता होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी चिंता और दहशत का माहौल बना हुआ है।

    मिली जानकारी के अनुसार आयुष कुमार मिश्रा (14 वर्ष) पुत्र अभिषेक मिश्रा एवं कमलजीत कुमार गोंड (16 वर्ष) पुत्र राजकुमार गोंड सोमवार सुबह करीब 8 बजे घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। काफी देर तक इंतजार के बाद परिजनों ने अपने स्तर पर आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं लग सका।

    आखिरकार मंगलवार को परिजन बांसडीह कोतवाली पहुंचे और पुलिस को लिखित तहरीर देकर बच्चों की गुमशुदगी की सूचना दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि दोनों किशोरों की तलाश के लिए पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है। संभावित स्थानों पर छानबीन की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही दोनों किशोरों को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा। वहीं, घटना के बाद से परिजन सदमे में हैं और पूरे गांव में बेचैनी का माहौल बना हुआ है।