बलिया :बांसडीह में विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला, पति ने दी दूसरी शादी और जान से मारने की दी धमकी - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया :बांसडीह में विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला, पति ने दी दूसरी शादी और जान से मारने की दी धमकी

     


    बांसडीह (बलिया)। बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के पिंडहरा गांव की रहने वाली एक विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर मारपीट कर घर से निकालने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।पुलिस ने मामले में पीड़िता की तहरीर पर पति,सास,ससुर सहित छः लोगों कें खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया है।

    मिली जानकारी के अनुसार, हाथिनी रोशनी देवी पत्नी मुन्नीलाल राजभर निवासी ग्राम पिंडहरा, थाना कोतवाली बांसडीह, जनपद बलिया की शादी 17 अप्रैल 2023 को मुन्नीलाल राजभर पुत्र राजपाल उर्फ लक्ष्मण के साथ हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुई थी। विवाहिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति, सास गिनी देवी, ससुर राजपाल उर्फ लक्ष्मण तथा परिवार के अन्य सदस्य बेवजह मारपीट करते थे और घर से भगा देते थे।

    पीड़िता का कहना है कि 17 फरवरी 2026 को ससुराल पक्ष के लोगों ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। उसके सात माह के पुत्र सूरज को साथ लेकर वह दर-दर भटकने को मजबूर है। विवाहिता ने यह भी आरोप लगाया कि उसका पति दूसरी शादी करने की बात कह रहा है और घर आने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है।

    पीड़िता ने बताया कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और वह अपने छोटे बच्चे के साथ असुरक्षित महसूस कर रही है। उसने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

    कोतवाली पुलिस का कहना है कि प्रकरण में अभियोग पंजीकृत है, मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।