बलिया : होली से पहले साइबर ठगों का बड़ा वार: वरिष्ठ व्यापारी धनंजय चौरसिया के खातों से लाखों की निकासी - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : होली से पहले साइबर ठगों का बड़ा वार: वरिष्ठ व्यापारी धनंजय चौरसिया के खातों से लाखों की निकासी

     


    बांसडीह,बलिया। होली के त्योहार से ठीक पहले कस्बे के वरिष्ठ व्यापारी धनंजय चौरसिया साइबर ठगी का शिकार हो गए। रविवार की शाम अज्ञात साइबर अपराधियों ने उनके विभिन्न बैंक खातों से लाखों रुपये उड़ा लिए। मामले की जानकारी मिलते ही व्यापारी ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। बताया जाता है कि धनंजय चौरसिया कस्बे में इलेक्ट्रॉनिक्स और मैरिज हाल का व्यवसाय करते हैं। रविवार को दुकान बंद कर घर पहुंचे ही थे कि उनके मोबाइल पर Union Bank of India के खाते से 34 हजार रुपये कटने का मैसेज आया। पहले तो उन्हें लगा कि कोई लेन-देन होगा, लेकिन थोड़ी ही देर में Canara Bank से 1500 रुपये और 32 हजार रुपये की निकासी का संदेश भी प्राप्त हुआ।

    इतना ही नहीं, इसके बाद Gramin Bank के खाते से भी रकम कटने के मैसेज आने लगे। लगातार आ रहे संदेशों से व्यापारी को समझ में आ गया कि साइबर अपराधियों ने उनके खातों में सेंध लगा दी है और अवैध तरीके से रकम निकाली जा रही है।

    होली के चलते सोमवार और मंगलवार को बैंक बंद होने के कारण वे तत्काल खातों की विस्तृत स्टेटमेंट नहीं निकलवा सके, जिससे कुल कितनी रकम निकाली गई है, इसका सही आंकड़ा अभी सामने नहीं आ पाया है। फिलहाल यूनियन बैंक से प्राप्त संदेश के आधार पर उन्होंने पुलिस को सूचित कर दिया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि साइबर सेल की मदद से लेन-देन का विवरण खंगाला जा रहा है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।

    त्योहारों के मौसम में इस तरह की घटना ने व्यापारियों में चिंता बढ़ा दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ओटीपी साझा करने से बचें और खाते से संबंधित मैसेज आते ही तुरंत बैंक व साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करें।