बलिया : विवाहिता से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप,दो लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर लेकर कोतवाली पहुंची पीड़िता - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : विवाहिता से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप,दो लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर लेकर कोतवाली पहुंची पीड़िता

     


    बांसडीह (बलिया)। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में बीते 27 फरवरी की रात्रि में एक विवाहिता के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। लोकलाज के भय से चुप्पी साधे बैठी पीड़िता ने गुरुवार को साहस जुटाकर अपने पति के साथ कोतवाली पहुंचकर आपबीती सुनाई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

    पुलिस को दी गई तहरीर में पीड़िता ने बताया कि बीते 27 फरवरी की रात वह किसी काम से घर से बाहर निकली थी। इसी दौरान सहतवार थाना क्षेत्र के सुरहिया गांव के दो युवकों ने उसे रास्ते में घेर लिया। आरोप है कि दोनों युवक उसे जबरन खींचकर पास के एक खेत में ले गए और बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट भी की, जिससे उसके शरीर पर कई जगह चोटें आई हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसे उसी हालत में छोड़कर फरार हो गए।

    घटना के बाद पीड़िता काफी डरी और सहमी हुई थी। सामाजिक प्रतिष्ठा और लोकलाज के डर से उसने यह बात अपने परिजनों से छिपाए रखी। लेकिन शारीरिक कष्ट और मानसिक तनाव बढ़ने पर उसने पूरी घटना अपने पति को बता दी। इसके बाद स्वजन उसे लेकर कोतवाली पहुंचे और नामजद तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई। स्थानीय पुलिस के अनुसर पीड़िता की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। मामला करीब पांच दिन पुराना बताया जा रहा है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।