बलिया : मानसिक रूप से कमजोर महिला से मारपीट व छेड़खानी के आरोपी दो भाई गिरफ्तार
बांसडीह (बलिया)। बांसडीह पुलिस ने मानसिक रूप से कमजोर महिला को जबरन बाइक पर बैठाकर ले जाने, मारपीट करने और छेड़खानी करने के मामले के दो आरोपी सगे भाईयों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया है। पुलिस के अनुसार 5 मार्च 2026 को वादी ने थाना बांसडीह में तहरीर देकर बताया कि 27 फरवरी की रात करीब 10 बजे उसकी पत्नी, जो मानसिक रूप से कमजोर है, बिना बताए घर से निकलकर केवरा चट्टी चली गई थी। आरोप है कि वहां संतोष कुमार ठाकुर उर्फ मुन्ना ठाकुर और राजेश कुमार ठाकुर उर्फ गुड्डू ठाकुर निवासी सुरहिया, थाना सहतवार ने उसे जबरन बाइक पर बैठाकर केवरा कोल्ड स्टोरेज के पीछे ले गए। वहां उसके साथ जबरदस्ती करते हुए मारपीट की और विरोध करने पर उसे वहीं छोड़कर फरार हो गए। किसी तरह पीड़िता घर पहुंची और पूरी घटना की जानकारी अपने पति को दी। इस मामले में पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर मु0अ0सं0 50/2026 धारा 87, 74, 115(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
शुक्रवार 6 मार्च को थाना बांसडीह के उपनिरीक्षक कमलेश पाठक पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में वांछित आरोपियों की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर जितौरा नहर पुलिया के पास से दोनों आरोपियों को सुबह करीब 10:30 बजे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संतोष कुमार ठाकुर उर्फ मुन्ना ठाकुर (48 वर्ष) और राजेश कुमार ठाकुर उर्फ गुड्डू ठाकुर (43 वर्ष) पुत्रगण बनारसीलाल ठाकुर निवासी सुरहिया थाना सहतवार जनपद बलिया के रूप में हुई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर दोनों को न्यायालय भेज दिया है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कमलेश पाठक, हेड कांस्टेबल हरिश्चन्द्र और कांस्टेबल दिवाकर भारती शामिल रहे।
