बलिया :बांसडीह में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी, नगदी समेत जेवरात पार
बांसडीह (बलिया)। कोतवाली क्षेत्र के राजपुर बघौली स्थित महाविद्यालय के पास एक बंद मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने नगदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार राजपुर बघौली निवासी अनिकेत कुमार पुत्र सोमरी गोंड 1 मार्च 2026 की रात अपने पूरे परिवार के साथ एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने रामपुर दिघार गए हुए थे। इसी दौरान रात करीब 12 से 1 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने उनके घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और अंदर घुसकर सामान खंगाल डाला।चोर घर से सोने की अंगूठी, चेन, मंगटीका, डाठा तथा लगभग 20 हजार रुपये नगद लेकर फरार हो गए।
पीड़ित ने बताया कि 2 मार्च को जब परिवार वापस लौटा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला और घर का सामान बिखरा पड़ा था। घटना की सूचना तत्काल पुलिस सहायता नंबर 112 पर दी गई, जिसके बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की।
पुलिस के अनुसार पीड़ित की शिकायत पर स्थानीय कोतवाली में अज्ञात चोरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है,अन्य विधिक कार्रवाई प्रचलित है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
