बलिया:होली के दिन हुए दर्दनाक हादसे में युवक की मौत, पिता की तहरीर पर अनियंत्रित वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया:होली के दिन हुए दर्दनाक हादसे में युवक की मौत, पिता की तहरीर पर अनियंत्रित वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज

     


    बांसडीह (बलिया)। कोतवाली क्षेत्र में होली के दिन हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत के मामले में पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर अनियंत्रित बोलेरो वाहन के चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।


    बता दे कि ग्राम कैथवली निवासी लल्लन राम के पुत्र नीरज कुमार (19) बीते 4 मार्च की शाम करीब 8:30 बजे पड़ोस के युवक प्रकाश कुमार पुत्र आत्मा गौड़ के साथ बांसडीह से नारायणपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कस्बे के पांडेय के पोखरा के पास तेज रफ्तार व अनियंत्रित बोलेरो (नंबर UP60 AJ 8393) ने पहले एक पल्सर सवार को टक्कर मारी और उसके बाद नीरज कुमार की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

    टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो सड़क किनारे बिजली के पोल से टकराकर पलट गई। हादसे के बाद चालक व अन्य लोग मौके से फरार हो गए।घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से घायलों को एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांसडीह पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने नीरज कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल प्रकाश कुमार को पहले जिला अस्पताल बलिया और बाद में वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।मृतक के पिता लल्लन राम की तहरीर पर कोतवाली बांसडीह पुलिस ने बोलेरो चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने व दुर्घटना करने का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।