बलिया :अगऊर गांव के दो होनहार सेना में बने लेफ्टिनेंट, तीन पीढ़ियों से देश सेवा में समर्पित मिश्रा परिवार
फोटो - बिहार के गया में आयोजित गौरव पदक समारोह में एक साथ देश सेवा करने वाली तीन पीढ़ियां दादा,पिता और पुत्र
बांसडीह (बलिया)। तहसील क्षेत्र के अगऊर गांव के लिए यह बेहद गर्व का क्षण है। गांव के दो होनहार युवाओं दीपक कुमार मिश्रा और कृष्णा कुमार मिश्रा ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। दोनों भाइयों की इस उपलब्धि से गांव में खुशी और उत्साह का माहौल है।
परिवार के सदस्य धीरज मिश्रा ने बताया कि दीपक कुमार मिश्रा ने परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 46 तथा कृष्णा कुमार मिश्रा ने AIR 07 प्राप्त कर यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। दोनों भाइयों की प्रारंभिक और उच्च शिक्षा सिकंदराबाद में हुई है। दीपक कुमार मिश्रा की पासिंग आउट परेड बिहार के गया में आयोजित हुई, जबकि कृष्णा कुमार मिश्रा की पासिंग आउट परेड चेन्नई में संपन्न हुई। युवाओं के दादा लल्लन मिश्रा भी इस गौरवपूर्ण क्षण के साक्षी बनने के लिए सेना द्वारा आयोजित समारोह में शामिल होने हेतु गया (बिहार) गए हुए हैं, जहां वे अपने पोतों के कंधों पर सितारे सजते देखने का गौरव प्राप्त करेंगे।
गौरतलब है कि मिश्रा परिवार की तीन पीढ़ियां लगातार देश सेवा में समर्पित रही हैं। दादा लल्लन मिश्रा भारतीय सेना में सूबेदार मेजर के पद पर लगभग 30 वर्षों तक सेवा देने के बाद सेवानिवृत्त हुए हैं। वहीं उनके पिता भी कैप्टन के पद पर करीब 35 वर्षों तक सैन्य सेवा देने के बाद सेवानिवृत्त हो चुके हैं। अब परिवार की तीसरी पीढ़ी के रूप में दोनों भाइयों ने सेना में अधिकारी बनकर देश सेवा की इस गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाया है।
दोनों युवाओं की इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी की लहर है। नगर पंचायत बांसडीह के चेयरमैन सुनील कुमार सिंह, पूर्व चेयरमैन संजय सिंह, प्रतुल ओझा, सूरजकांत मिश्र, व्यापार मंडल अध्यक्ष विजय गुल्लर,इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अनिल कुमार पाण्डेय सहित कई गणमान्य लोगों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।एक ही परिवार की तीन पीढ़ियों का सेना में रहकर देश की सेवा करना पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बन गया है।


