बलिया :बांसडीह बड़ी बाजार में लगा भीषण जाम, रेंगते रहे वाहन, राहगीर भी परेशान
बांसडीह (बलिया): नगर के बड़ी बाजार इलाके में रविवार को भीषण जाम लग गया, जिससे काफी देर तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही। जाम के कारण दोपहिया, चारपहिया और ई-रिक्शा समेत सभी वाहन रेंगते हुए आगे बढ़ते नजर आए। वहीं राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा
रविवार को बाजार का दिन होने और शादी विवाह के सीजन होने के कारण क्षेत्र के विभिन्न गांवों और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए बाजार पहुंचे थे। भीड़ अधिक होने और सड़क के दोनों किनारों पर बेतरतीब खड़े वाहनों की वजह से यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। कई जगह लोगों को पैदल निकलने में भी दिक्कत हुई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बड़ी बाजार में आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है, लेकिन इसके बावजूद पुलिस की ओर से कोई ठोस व्यवस्था नहीं की जाती।लोगों का आरोप है कि अगर नियमित रूप से यातायात व्यवस्था कराई जाए तो जाम की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है।स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों ने प्रशासन से मांग की है कि बड़ी बाजार में स्थायी ट्रैफिक व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों को बार-बार जाम की समस्या से राहत मिल सके।


