बलिया : सीएम योगी की मां पर अभद्र टिप्पणी से भड़के भाजपाई, मौलाना के खिलाफ तहरीर - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : सीएम योगी की मां पर अभद्र टिप्पणी से भड़के भाजपाई, मौलाना के खिलाफ तहरीर

     


    बांसडीह (बलिया): प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां पर अमर्यादित टिप्पणी किए जाने के विरोध में सोमवार को बांसडीह में भाजपा कार्यकर्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा। भाजपा नेता प्रतुल कुमार ओझा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कोतवाली पहुंचकर मौलाना अब्दुल सलीम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग करते हुए प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह को तहरीर सौंप दी।

    भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि बिहार में आयोजित एक धार्मिक जलसे के दौरान मौलाना अब्दुल सलीम ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी मां के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इसका वीडियो सामने आने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई।

    भाजपा नेता प्रतुल कुमार ओझा ने कहा कि मौलाना द्वारा की गई टिप्पणी केवल मुख्यमंत्री की मां के खिलाफ नहीं, बल्कि देश की सभी महिलाओं का अपमान है। उन्होंने कहा कि इस तरह की बयानबाजी समाज में आपसी सौहार्द बिगाड़ने का काम करती है, इसलिए ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।


    इस दौरान दिग्विजय सिंह, दुर्गेश मिश्रा, सिंपी सिंह, तेजबहादुर रावत, मूनजी गोंड, बबलू सिंह, शिवम गुप्ता, बलिराम साहनी, रजत श्रीवास्तव सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।