बलिया :तहसीलदार बन साइबर ठगों ने एएनएम से उड़ाए 50 हजार, विभाग में मचा हड़कंप - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया :तहसीलदार बन साइबर ठगों ने एएनएम से उड़ाए 50 हजार, विभाग में मचा हड़कंप

     



    बांसडीह (बलिया): क्षेत्र में साइबर अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। अब ठगों ने सरकारी अधिकारी बनकर स्वास्थ्य विभाग की कर्मचारी को निशाना बनाया है। ताजा मामले में जालसाजों ने तहसीलदार का फर्जी परिचय देकर एएनएम को अपने जाल में फंसाया और उनके खाते से लगभग 50 हजार रुपये उड़ा लिए। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।


    सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांसडीह के अंतर्गत उपकेंद्र बेऊर पर तैनात एएनएम रीमा पटेल के मोबाइल पर मंगलवार को दो अलग-अलग नंबरों से कॉल आई। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को तहसीलदार अशोक मीना बताते हुए कहा कि उपकेंद्रों की सूचनाएं शासन को भेजने के लिए जांच की जा रही है। सरकारी अधिकारी का नाम और विभागीय कार्रवाई का भय दिखाकर उसने एएनएम को भरोसे में ले लिया।

    जालसाज ने बातचीत के दौरान पहले रीमा पटेल के गूगल-पे खाते में 200 रुपये भेजे और फिर तकनीकी खराबी का बहाना बनाकर वह राशि वापस करने को कहा। इस पूरी प्रक्रिया में उसने खाते से जुड़े जरूरी विवरण हासिल कर लिए। रीमा पटेल को जब तक ठगी की भनक लगती, तब तक दोपहर करीब 1:30 बजे उनके खाते से दो किश्तों में कुल 49,980 रुपये निकाल लिए गए।

    धोखाधड़ी का एहसास होते ही पीड़िता ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांसडीह के अधीक्षक को लिखित प्रार्थना पत्र देकर मामले की जानकारी दी और कार्रवाई की मांग की। पीड़िता का कहना है कि जालसाजों ने बेहद योजनाबद्ध तरीके से विभागीय कामकाज और जांच का दबाव बनाकर इस वारदात को अंजाम दिया।

    इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि साइबर अपराधी अब आम लोगों के साथ-साथ सरकारी कर्मचारियों को भी निशाना बना रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है। वहीं, इस घटना के बाद कर्मचारियों में भय और चिंता का माहौल है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, लेकिन इस घटना ने साइबर सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।