बलिया :छेड़खानी का विरोध पड़ा भारी: घर में घुसकर मां-बेटियों पर हमला, 6 पर केस दर्ज - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया :छेड़खानी का विरोध पड़ा भारी: घर में घुसकर मां-बेटियों पर हमला, 6 पर केस दर्ज

     


    बांसडीह (बलिया)। कोतवाली क्षेत्र के पंचबिगहवा खरौनी गांव में दबंगों द्वारा छेड़खानी का विरोध करना एक परिवार को महंगा पड़ गया। आरोप है कि नामजद आधा दर्जन लोगों ने पीड़िता के घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें युवती के सिर में गंभीर चोट आई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर छह आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

    पीड़िता अंशु ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव का ही युवक अशोक यादव उसे पिछले कई दिनों से कोचिंग आते-जाते समय परेशान कर रहा था। वह फब्तियां कसता था और जबरन स्कूटी पर बैठाने का प्रयास करता था। लोकलाज और डर के कारण छात्रा ने कोचिंग जाना भी बंद कर दिया था।

    पीड़िता के अनुसार, शुक्रवार की भोर में जब वह नहर की ओर गई थी, तभी आरोपित वहां पहुंच गया और अश्लील हरकतें करते हुए उसे जबरन पकड़ लिया। किसी तरह बचकर घर पहुंची छात्रा ने परिजनों को पूरी घटना बताई।

    आरोप है कि जब पीड़िता की मां शिकायत करने गईं, तो आरोपित भड़क गए। इसके बाद अशोक, अनुवेश, अखिलेश, अंकित, मोतीलाल और मंजू ने एकजुट होकर पीड़िता के घर पर धावा बोल दिया। आरोपितों ने घर में घुसकर मां-बेटियों को लात-घूंसों और डंडों से बुरी तरह पीटा। शोर सुनकर ग्रामीण जुटने लगे तो आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।मारपीट में युवती के सिर पर गंभीर चोट आई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपितों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोषियों के विरुद्ध सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।