बलिया :दिनदहाड़े चोरी का प्रयास नाकाम, बाइक और चप्पल छोड़कर फरार हुआ युवक
बांसडीह, बलिया। कस्बे में दिनदहाड़े चोरी के प्रयास का मामला सामने आया है, जहां घरवालों की सतर्कता से बड़ी घटना टल गई और मौके से चोर अपनी बाइक और चप्पल छोड़कर फरार हो गया। दिन दहाड़े चोरी की प्रयास की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, नगर के वार्ड नंबर 11 निवासी एवं नगर पंचायत अध्यक्ष पद के पूर्व प्रत्याशी राकेश मिश्र के घर शनिवार को अपराह्न करीब तीन बजे एक अज्ञात युवक बिना नंबर की मोटरसाइकिल से पहुंचा और घर में घुस गया। उस समय घर के बरामदे में खेत से लाई गई सरसों की बोरी रखी हुई थी।
गृह स्वामी राकेश मिश्र ने बताया कि युवक जैसे ही बोरी उठाकर मोटरसाइकिल पर रखने लगा, तभी घर में मौजूद पालतू कुत्ता भौंकने लगा। कुत्ते की आवाज सुनकर राकेश मिश्र के बड़े भाई नवीन मिश्र तुरंत बाहर आए और युवक को रंगे हाथ पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान उन्होंने शोर मचाया, लेकिन युवक अपनी मोटरसाइकिल और चप्पल मौके पर छोड़कर भाग निकला।शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर अज्ञात युवक की पहचान करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिल पर कोई नंबर प्लेट नहीं है, जबकि आगे की नंबर प्लेट पर “राजस्व विभाग” लिखा हुआ है।पुलिस अब चेसिस नंबर के आधार पर आरोपी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। समाचार लिखे जाने तक पीड़ित परिवार की ओर से थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई है।
