बलिया : महिला आरक्षण बिल पर विपक्ष के विरोध के खिलाफ बांसडीह में महिलाओं का प्रदर्शन, राहुल-अखिलेश का फूंका पुतला
बांसडीह,बलिया। लोकसभा में महिला आरक्षण बिल को विपक्ष द्वारा गिराए जाने के विरोध में बुधवार को बांसडीह में विधायक केतकी सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने जोरदार आक्रोश प्रदर्शन किया। महिलाओं ने जुलूस निकालकर विरोध जताया तथा चौराहे पर राहुल गांधी और अखिलेश यादव का पुतला फूंका। बांसडीह ब्लॉक के डकवारा हाल में आयोजित महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए विधायक केतकी सिंह ने कहा कि महिला आरक्षण बिल के मुद्दे पर विपक्ष का असली चेहरा जनता के सामने आ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और सपा ने महिला आरक्षण बिल का विरोध कर महिलाओं के अधिकारों के साथ धोखा किया है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की आधी आबादी इस विश्वासघात के लिए इन दलों को कभी माफ नहीं करेगी। सम्मेलन के बाद विधायक के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाएं हाथों में तख्तियां और नारे लिखे स्लोगन लेकर जुलूस के रूप में ब्लॉक परिसर से निकलीं। महिलाएं “महिला आरक्षण विरोधी सपा-कांग्रेस हाय-हाय” के नारे लगाते हुए बांसडीह चौराहे तक पहुंचीं, जहां राहुल गांधी और अखिलेश यादव का पुतला फूंककर जमकर नारेबाजी की गई।इस प्रदर्शन में सिंपी सिंह, रंजना सिंह, पूनम गुप्ता, रेखा सिंह, लालती राजभर, आरती सिंह, निर्मला वर्मा, प्रमिला सिंह सहित अजय सिंह, सुरेंद्र सिंह, राजेश सिंह, प्रतुल कुमार ओझा, नीतेश सिंह, शारदानंद साहनी, भोला ओझा, राकेश वर्मा, मिथिलेश तिवारी, दुर्गेश मिश्रा समेत बड़ी संख्या में महिलाएं और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
