बलिया : सोशल मीडिया पर अश्लीलता फैलाने वालों पर कसा शिकंजा, आईटी एक्ट में हुआ मुकदमा दर्ज - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : सोशल मीडिया पर अश्लीलता फैलाने वालों पर कसा शिकंजा, आईटी एक्ट में हुआ मुकदमा दर्ज


    बांसडीह (बलिया): क्षेत्र के हुसैनाबाद गांव में सोशल मीडिया के दुरुपयोग का एक गंभीर मामला सामने आया है। गांव के ही निवासी एक युवक ने कई संदिग्ध फेसबुक आईडी के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणियां करने और महिलाओं की गरिमा से खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में तहरीर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    Read Also - बलिया :हाईकोर्ट द्वारा राज्य सरकार और तहसील प्रशासन से जवाब मांगने के बाद बांसडीह में जाति प्रमाण पत्र जारी, श्रेय को लेकर छिड़ी बहस,समाज में खुशी का माहौल

    पीड़ित नीरज दुबे ने पुलिस को बताया कि “पोलखोल हुसैनाबाद”, “ग्राम सभा हुसैनाबाद” और “अपना हुसैनाबाद” जैसे नामों से संचालित फेसबुक आईडी के माध्यम से उनके परिवार की महिलाओं—माता, भाभी और एक 13 वर्षीय बालिका—के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक और अश्लील टिप्पणियां की जा रही हैं। आरोप है कि इन फर्जी आईडी संचालकों ने न केवल अभद्र भाषा का प्रयोग किया, बल्कि परिवार के सदस्यों की फोटो और नाम का दुरुपयोग कर उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया।

    पीड़ित के अनुसार, आरोपित लगातार झूठे आरोपों और अश्लील सामग्री के जरिए पूरे परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। इतना ही नहीं, गांव के अन्य सम्मानित लोगों और महिलाओं को भी निशाना बनाकर सोशल मीडिया पर गंदगी फैलाई जा रही है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

    शिकायतकर्ता ने मामले से जुड़े सभी साक्ष्य पुलिस को सौंप दिए हैं। पुलिस का कहना है कि साइबर सेल की मदद से इन फर्जी आईडी संचालकों को ट्रेस किया जा रहा है और जल्द ही उनकी पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

    प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि महिलाओं के सम्मान से जुड़े इस संवेदनशील मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी और कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।