नाबालिग के अपहरण से सनसनी, सगी बहन पर साजिश का आरोप, पुलिस ने तेज की तलाश
बांसडीह (बलिया): कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से 15 वर्षीय नाबालिग के कथित अपहरण का मामला सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया है। एक दिव्यांग विधवा महिला ने अपनी पुत्री के अपहरण का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में तहरीर दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
पीड़िता विमला देवी के अनुसार, बीती 26 मार्च की रात गांव निवासी अंकित राजभर उर्फ गोलू ने दो अज्ञात साथियों के साथ मिलकर उसकी नाबालिग बेटी का अपहरण कर लिया। घटना के बाद से ही परिजन दहशत और चिंता में हैं।
मामले को और भी गंभीर बनाते हुए पीड़िता ने अपनी सगी बहन फूलकुमारी पर ही इस पूरी साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है। तहरीर में कहा गया है कि आरोपित पक्ष द्वारा न केवल अपहरण की घटना को अंजाम दिया गया, बल्कि पीड़िता को जान से मारने और नाबालिग को होटल में बेचने तक की धमकियां भी दी जा रही हैं।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बलिया ने तत्काल संज्ञान लिया है। उनके निर्देश पर बांसडीह पुलिस ने नामजद आरोपितों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि किशोरी की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस की विशेष टीम गठित कर दी गई है। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले में हर पहलू की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
