बलिया : बांसडीह में प्राथमिक विद्यालयों की चाभी बच्चों के हाथ, समय से स्कूल खोलने के लिए लगाई गई ड्यूटी,VIDEO वायरल
फ़ोटो - शिक्षा क्षेत्र बांसडीह के प्राथमिक विद्यालय का ताला खोलता एक छात्र,साथ में मदद के लिए खड़ा एक प्राइवेट विद्यालय का छात्र
बांसडीह (बलिया)। शिक्षा व्यवस्था को लेकर एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक प्राथमिक विद्यालय की चाभी एक बच्चे को सौंप दी गई है। विद्यालय समय से खुल सके, इसके लिए अध्यापकों द्वारा बच्चों की ही ड्यूटी लगाए जाने का मामला चर्चा में है। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।हालांकि सोसल मीडिया पर वायरल वीडियो की पुष्टि "बलिया ब्रेकिंग" नहीं करता है।
वायरल वीडियो में एक बच्चा प्राथमिक विद्यालय का ताला खोलता हुआ दिखाई दे रहा है, जबकि उसके साथ एक अन्य किसी विद्यालय की ड्रेस पहने एक छात्र भी खड़ा नजर आ रहा है। वीडियो में पूछे जाने पर बच्चा खुद को उसी विद्यालय का छात्र बताते हुए कहता है कि स्कूल खोलने और बंद करने की जिम्मेदारी उसी की है।
मिली जानकारी के अनुसार, बांसडीह कस्बे के एक प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक समय से पहले नहीं पहुंच पाते, जिसके चलते विद्यालय खुलने में देरी होती है। इस समस्या से निपटने के लिए शिक्षकों ने बच्चों को ही चाभी सौंप दी, ताकि वे समय से विद्यालय खोल सकें।
इस मामले को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि यह व्यवस्था न सिर्फ सुरक्षा की दृष्टि से गलत है, बल्कि नन्हे बच्चों पर अनावश्यक जिम्मेदारी डालने जैसा भी है। अभिभावकों ने भी इस पर आपत्ति जताई है।
हालांकि, इस संबंध में अब तक शिक्षा विभाग के किसी अधिकारी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है
