बलिया : पुलिस मुठभेड़ में 7 शातिर तार चोर गिरफ्तार, दो बदमाशों के पैर में लगी गोली
बांसडीह/सहतवार (बलिया)। बिजली के तार चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए सहतवार और बांसडीह पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के दौरान सात शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान दो बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गए।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को तड़के करीब 1:10 बजे सहतवार थाना और कोतवाली बांसडीह पुलिस टीम ग्राम अकबरपुर में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो चार पहिया वाहन संदिग्ध अवस्था में आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर वाहन सवार भागने लगे, जिस पर पुलिस ने घेराबंदी कर दी।
खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें टिंकू कुमार शाह (37) निवासी दुधैला और शमीम अंसारी उर्फ सोनू (36) निवासी उमरगंज के पैर में गोली लग गई। दोनों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 26/27 मार्च की रात ग्राम दुधैला और 30/31 मार्च की रात ग्राम अकबरपुर में बिजली के तार और ट्रांसफार्मर के सामान की चोरी की थी।
पुलिस ने मौके से अवैध असलहे, कारतूस, चोरी के बिजली तार, तार काटने के उपकरण (प्लास, आरी, रबर ग्लव्स) तथा एक पिकअप और अन्य वाहन बरामद किए हैं। इसके अलावा पांच अन्य आरोपी—अरविंद यादव, मन्नू कुमार साह, रोहन कुमार पांडेय, फिरोज खान और अभिषेक उर्फ अंशु गौड़ को भी गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से एक-एक अवैध चाकू बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार सभी आरोपी चोरी किए गए तारों को ठिकाने लगाने की फिराक में थे। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।


