बलिया : बोलेरो से तस्करी कर ले जाई जा रही 144 लीटर अवैध शराब बरामद, एक गिरफ्तार - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : बोलेरो से तस्करी कर ले जाई जा रही 144 लीटर अवैध शराब बरामद, एक गिरफ्तार

     


    बांसडीह (बलिया)। अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बांसडीह पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बोलेरो वाहन से तस्करी कर ले जाई जा रही 144 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

    पुलिस के अनुसार शनिवार तड़के उपनिरीक्षक सौरभ श्रीवास्तव हमराहियों के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक बोलेरो वाहन से अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बांसडीह चौराहे से पानी टंकी जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर वाहन संख्या यूपी 60 आर 6439 को रोककर तलाशी ली।

    तलाशी के दौरान वाहन से अवैध देशी शराब ‘बंटी बबली’ की 16 पेटियां बरामद हुईं। प्रत्येक पेटी में 200 एमएल के 45 पाउच रखे थे। इस प्रकार कुल 144 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। मौके से पुलिस ने आकाश कुमार (24) पुत्र स्वर्गीय मुन्ना राम निवासी वार्ड संख्या-6, कस्बा बांसडीह को गिरफ्तार कर लिया। बरामदगी के आधार पर आरोपी के विरुद्ध थाना बांसडीह में मुकदमा अपराध संख्या 156/2026, धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया गया।

    कोतवाल राकेश कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी मारपीट, आगजनी, चोरी, आयुध अधिनियम एवं आबकारी अधिनियम से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं।

    बरामदगी

    144 लीटर अवैध देशी शराब (बंटी बबली ब्रांड)
    बोलेरो वाहन संख्या यूपी 60 आर 6439

    गिरफ्तारी करने वाली टीम

    उपनिरीक्षक सौरभ श्रीवास्तव, कांस्टेबल अखिलेश पटेल, आरक्षी अंकुर सिंह, आरक्षी प्रमोद कुमार यादव एवं आरक्षी विकास गुप्ता शामिल रहे।